जिला ब्यूरो चीफ प्रिया वर्मा
बुधवार को राशन किट वितरण का एसडीएम ने दिया आश्वासन, ग्रामीणों ने कहा,नहीं मिली राहत तो तहसील पहुंचेंगे कई गांवों के लोग
निघासन :
तराई क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे पुरैना और सेमरा पुरवा समेत कई गांवों के ग्रामीण सोमवार को राशन किट की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि बाढ़ के कारण गांवों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है। कई परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है, लेकिन अब तक पर्याप्त राहत सामग्री नहीं पहुंच सकी है।ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ का पानी चारों ओर भरा होने के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाना भी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद राहत सामग्री के वितरण में देरी होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष राशन किट उपलब्ध कराने की मांग रखी। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि बुधवार को बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राशन किट वितरित कराई जाएंगी। इस पर ग्रामीण वापस लौट गए।हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बुधवार को राशन किट का वितरण नहीं हुआ तो पुरैना, सेमरा पुरवा समेत अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों के लोग एकजुट होकर तहसील परिसर पहुंचेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के बीच प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाते हुए जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सामग्री पहुंचानी चाहिए।