अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 10 कांवड़िये घायल
कांट/शाहजहांपुर- कांट थाना क्षेत्र में गुरुवार रात कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब आठ से 10 कांवड़िये घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसा रात करीब साढ़े सात बजे जरावन गांव के पास हुआ। अचानक सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ कांवड़िये ट्रॉली पलटने से पहले ही कूद गए, जिससे वे चोटिल होने से बच गए। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी कांवड़िये लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन के निवासी बताए गए हैं। सभी फर्रुखाबाद के पांचाल घाट से जल लेने के लिए जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित सीओ शुभम वर्मा, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ सड़क से ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मंडल प्रभारी प्रवीण यादव इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ बरेली