ललिता गौतम हत्याकांड: भीम आर्मी ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा, सीबीआई जांच और एसएसपी अविनाश पाण्डेय पर कार्रवाई की मांग
जिला संवाददाता विशाल यादव की रिपोर्ट
पीलीभीत, 11 जुलाई। भीम आर्मी भारत एकता मिशन, जनपद पीलीभीत के जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय के नेतृत्व में मेरठ जनपद की दलित छात्रा ललिता गौतम की निर्मम हत्या, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तथा न्याय की मांग कर रहे लोगों पर हुए पुलिस दमन के विरोध में भारत की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के नाम जिलाधिकारी, पीलीभीत के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि ललिता गौतम की हत्या केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि दलित समाज की बेटियों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं न्याय प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। साथ ही न्याय की मांग कर रहे पीड़ित परिवार एवं सामाजिक संगठनों के साथ पुलिस द्वारा किए गए व्यवहार को लोकतांत्रिक अधिकारों एवं मानवाधिकारों के विरुद्ध बताया गया।
जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने ज्ञापन के माध्यम से ललिता गौतम हत्याकांड की सीबीआई जांच, सभी दोषियों एवं संदिग्धों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को ₹50 लाख की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
उन्होंने मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कर उन्हें जांच पूरी होने तक निलंबित करने, वायरल वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराने तथा दोष सिद्ध होने पर उनके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की।
ज्ञापन में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने, घायल लोगों को उचित मुआवजा एवं उपचार उपलब्ध कराने तथा प्रदेश में दलित एवं वंचित वर्ग की महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष टास्क फोर्स के गठन की मांग भी की गई।
सौरभ भारतीय ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन संविधान, कानून एवं लोकतांत्रिक मूल्यों में पूर्ण विश्वास रखता है। हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि न्याय, समानता एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए है।
उन्होंने माननीय राष्ट्रपति से पूरे प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन संविधान एवं कानून के दायरे में रहकर प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान, भीम आर्मी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एड राजाराम माथुर, जिलाध्यक्ष सौरभ भारतीय, मंडल उपाध्यक्ष सुधीर आर्यन, जिला संगठन सचिव शेरा वाल्मीकि, सत्यपाल गौतम नंदकिशोर गौतम, बबलू दिवाकर, पुष्पेंद्र सागर, हरीश गंगवार, महेंद्र पाल सागर आलोक वाल्मीकि, आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।