*सेफ क्लिक 2.0 अभियान को गति: टीआई ने शिक्षकों के साथ बनाई साइबर जागरूकता की रणनीति*

*सेफ क्लिक 2.0 अभियान को गति: टीआई ने शिक्षकों के साथ बनाई साइबर जागरूकता की रणनीति*

राजबहोर यादव

 

सीधी जिले में चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत थाना कुसमी में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता को लेकर शिक्षकों एवं महिला-बाल विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी ने की।

 

बैठक में सीएम राइज विद्यालय के प्राचार्य राजेश पाण्डेय,बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी, परियोजना अधिकारी मान कुमारी पनाडिया, ब्लाकभर के शिक्षक ,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी ने उपस्थित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों से कहा कि वे विद्यालयों और गांवों में बच्चों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों को मोबाइल के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा न करने, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

 

इसके साथ ही उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने तथा बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा शिक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

 

बैठक में निर्णय लिया गया कि सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता से जोड़ा जा सके।

Related posts

Leave a Comment