ब्रेकिंग न्यूज़!
श्रावस्ती से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर!
क्या आप भी ग्राइंडर या किसी दूसरे ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर पार्टनर तलाश रहे हैं? अगर हां, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपको लूट का शिकार बना सकती है।
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद से हनीट्रैप और डिजिटल लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
मामला थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र का है। महिंद्रा एजेंसी के पास शातिर बदमाशों ने समलैंगिक डेटिंग ऐप ग्राइंडर के जरिए एक युवक को अपने जाल में फंसाया। दोस्ती का झांसा देकर पीड़ित मोहम्मद इरफान को रात के समय जिला अस्पताल के सामने बुलाया गया। इसके बाद उसे एक सुनसान नवनिर्मित मकान में ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया।
जब पीड़ित ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसके दो मोबाइल फोन, नकदी तथा पूरा पर्स लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान के नेतृत्व में भिनगा कोतवाली पुलिस, विशेष अभियान दल और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने महज चौबीस घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने राप्ती नदी के पास भखला क्षेत्र से घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों—अभिषेक तिवारी, सत्यम कुमार पांडेय और प्रिंस पांडेय—को गिरफ्तार कर लिया। तीनों पड़ोसी जनपद बहराइच के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गैंग सोशल मीडिया और ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स के जरिए लोगों को फंसाकर सुनसान स्थानों पर बुलाता था और फिर लूट की वारदात को अंजाम देता था।
आप भी रहें सतर्क! किसी भी अनजान व्यक्ति के बुलावे पर सुनसान जगह पर जाने से बचें। ऑनलाइन दोस्ती करने से पहले पूरी तरह सावधानी बरतें।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।