मथुरा,
ब्यूरो–अकरम उस्मान, मथुरा
स्लग–भाजपा की योजनाएं ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं–नितिन नवीन
उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज पहली बार मथुरा पहुंचे | उनके मथुरा आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला | जबकि यमुना एक्स प्रेसवे के बाज़ना कट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया | मथुरा पहुंचने के बाद नितिन नवीन सीधे वृंदावन स्थित अक्षय पात्र परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को सुना | जबकि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे | इस दौरान नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सपना हम सभी को मिलकर साकार करना है | उन्होंने साथ ही कहा कि सरकार की नीतियों का सीधा लाभ गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं तक पहुंच रहा है | उन्होंने यह भी बताया कि जी राम जी योजना के माध्यम से मजदूरों को 125 दिन का रोजगार देकर उनका सम्मान बढ़ाया गया है | नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की योजनाएं ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू हो रही हैं, जिससे आम जनमानस का विश्वास पार्टी के प्रति और मजबूत हुआ है | मन की बात कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन कर पूजा-अर्चना की | दर्शन के बाद तीनों नेता मांट के भाजपा विधायक राजेश चौधरी के मथुरा स्थित वेस्ट प्रताप नगर आवास पहुंचे | यहां उन्होंने हाल ही में दिवंगत विधायक राजेश चौधरी की माता जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की | कुल मिलाकर नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का यह दौरा संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों के लिहाज़ से बेहद अहम माना जा रहा है | उनके पहले मथुरा दौरे ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह भरने का काम किया है |
ब्यूरो–अकरम उस्मान, मथुरा