*बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों का जल्द सर्वे कर प्रकरण भेजें: एसडीएम*
राज बहोर यादव
कुसमी मंगल भवन में हल्का पटवारियों की बैठक, फार्मर आईडी और सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
कुसमी। बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों का जल्द से जल्द सर्वे कर आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रकरण तहसील कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश एसडीएम सागर दिलीप जैन ने दिए हैं। मंगलवार को कुसमी मंगल भवन में आयोजित हल्का पटवारियों की बैठक में एसडीएम सागर दिलीप जैन एवं तहसीलदार नारायण सिंह ने राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम ने कहा कि लगातार बारिश के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनका पटवारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर शीघ्र सर्वे किया जाए। सर्वे के बाद आवश्यक दस्तावेज तैयार कर प्रकरण तहसील कार्यालय में भेजे जाएं, ताकि पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा सके।
इसके साथ ही फार्मर आईडी बनाने से संबंधित सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम ने सभी पटवारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करें और शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में राजस्व से संबंधित विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसडीएम एवं तहसीलदार ने पटवारियों को अपने-अपने हल्के में राजस्व संबंधी कार्यों को गंभीरता से पूरा करने तथा आमजन की समस्याओं का नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।