बहराइच,
रिपोर्ट–सन्तोष शुक्ला, बहराइच
स्लग–चेयरमैन ने लगाए अधिशाषी अधिकारी पर ताला तोड़कर सामान चुरा ले जाने के गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश के बहराइच में नगर पंचायत रूपईडीहा में शनिवार को उस समय विवाद की स्थिति पैदा हो गई जब नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ.उमाशंकर वैश्य ने अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव पर कार्यालय का ताला तोड़कर फर्नीचर व महत्वपूर्ण कागजात चुरा कर ले जाने के गंभीर आरोप लगाए | रूपईडीहा के अध्यक्ष डॉ.उमाशंकर वैश्य ने बताया कि शनिवार सुबह कर्मचारियों ने उन्हें सूचना दी कि अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव नगर पंचायत कार्यालय का ताला तोड़कर कार्यालय में रखे फर्नीचर व दस्तावेज कहीं ले गए हैं | उन्होंने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी पिछले कई महीनों से नियमित रूप से कार्यालय नहीं आ रहे हैं, जिससे नगर पंचायत का कार्य प्रभावित हो रहा है और कार्यालय का कामकाज अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ है | इस संबंध में नगर के लोगों का भी आरोप है कि नगर पंचायत में कार्य बिल्कुल ठप है जिसके कारण आम जनता बहुत परेशान है | जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ और भी बहुत से कार्य महीनों से लंबित पड़े हुए हैं | वहीं आवेदन देने के बाद भी कई महीनो तक उसकी जाँच भी नहीं की जाती है | जिससे प्रमाण पत्र मिलने में आम जनता को कई महीने लग जाते है | इस कारण नगर पंचायत रूपईडीहा की आम जनता भी त्रस्त और ठगा महसूस कर रही है | अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अधिशासी अधिकारी कई बार नगर पंचायत कर्मचारियों और सफाई कर्मियों के बीच तनाव की स्थिति भी उत्पन्न कर चुकी हैं | एक बार विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला थाने तक पहुंच गया था, जिसे समझा-बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया गया | अध्यक्ष डॉ.वैश्य के अनुसार, बिना किसी पूर्व सूचना के शनिवार सुबह कार्यालय का ताला तोड़कर सामान ले जाना गंभीर मामला है | उन्होंने कहा कि इसी कारण उन्होंने अधिशाषी अधिकारी का दो माह का वेतन भी रोक दिया गया है | उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कार्यालय के बाबू गंगा प्रताप सिंह का भी सहयोग अधिशासी अधिकारी को मिल रहा है |
वहीं इस संबंध में जब अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव से मोबाइल पर बातचीत की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताया | उनका कहना है कि उन्होंने कोई चोरी नहीं की है | नगर पंचायत का नया भवन बनकर तैयार हो गया है और उसे नगर पंचायत को हस्तांतरित कर दिया गया है | उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप पुराने नगर पंचायत कार्यालय में रखा सामान नए नगर पंचायत भवन में शिफ्ट कराया गया है | यह कार्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है | इस मामले में चेयरमैन और अधिशासी अधिकारी के बयान आमने-सामने आने से नगर पंचायत क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है |
रिपोर्ट–सन्तोष शुक्ला, बहराइच