*बहराइच सद्दन खान ब्यूरो चीफ*
*पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में न्यायिक जांच की मांग, मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा*
बहराइच। थाना रामगांव क्षेत्र के रामगांव निवासी राकेश चंद्र श्रीवास्तव उर्फ गोपाल की पुलिस अभिरक्षा के दौरान हुई संदिग्ध मृत्यु से आक्रोशित विभिन्न सामाजिक व मानवाधिकार संगठनों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराए जाने की मांग उठाई।
रूल ऑफ लॉ सोसायटी (अवध) के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधियों ने बीते दिवस मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। ज्ञापन में मृतक के आश्रितों को तत्काल 20 लाख रुपये की अहेतुक आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने तथा दिव्यांग पुत्र को सरकारी सेवा दिए जाने की मांग की गई है।
संगठनों के प्रतिनिधियों ने घटना को अमानवीय बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। साथ ही मांग की कि जब तक निष्पक्ष जांच पूरी न हो, तब तक मामले में नामित पुलिस कर्मियों को तत्काल थाना रामगांव से हटाया जाए।
ज्ञापन देने वालों में रूल ऑफ लॉ सोसायटी (अवध) के क्षेत्र संयोजक संजीव श्रीवास्तव एडवोकेट, अखिल भारतीय कायस्थ समाज के जिलाध्यक्ष शशांक सिंहा, जिलाध्यक्ष अनिल मिश्र, पंकज कुमार एडवोकेेट, अरुण कुमार मिश्र एडवोकेट, जयंत सिंहा एडवोकेट, प्रवक्ता डॉ. पंकज श्रीवास्तव एडवोकेट एवं अभिषेक श्रीवास्तव एडवोकेट सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रकरण को लेकर जनपद में चर्चा तेज है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।