बहराइच में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस और सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, चालक की मौत, 11 घायल

बहराइच में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस और सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, चालक की मौत, 11 घायल

 

 

 

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बहराइच-गोंडा मार्ग पर कोतवाली देहात क्षेत्र के चिलवरिया के पास आज सुबह सवारियों से भरी उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस और सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक हरि ओम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं बस में सवार 11 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में रुकैय्या नाम की महिला की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है।

 

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल का निरीक्षण कर डॉक्टरों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

फिलहाल हादसे के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Related posts

Leave a Comment