प्रेस विज्ञप्ति

प्रेस विज्ञप्ति

 

संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच एवं विधिक कार्रवाई की मांग

 

लखनऊ। संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री गीता गुप्ता के नेतृत्व में जिलाधिकारी, लखनऊ को ज्ञापन सौंपकर श्री अंजनी कुमार पांडेय एवं श्री प्रवीण मणि त्रिपाठी के विरुद्ध कथित रूप से संगठन एवं उसके पदाधिकारियों पर असत्य, निराधार एवं भ्रामक आरोप लगाने, मानहानि, चरित्र हनन तथा संगठन की छवि धूमिल करने के संबंध में निष्पक्ष जांच एवं विधिक कार्रवाई की मांग की।

 

ज्ञापन में कहा गया है कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से संगठन एवं उसके पदाधिकारियों के विरुद्ध विभिन्न माध्यमों से भ्रामक बातें प्रसारित की गईं तथा कई पदाधिकारियों से दबाव बनाकर धनराशि की मांग एवं अवैध धन उगाही का प्रयास किए जाने के भी आरोप हैं।

 

संगठन की ओर से जिला प्रशासन को अवगत कराया गया कि इन आरोपों के समर्थन में उनके पास विभिन्न प्रकार के साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनमें व्हाट्सएप संदेशों के स्क्रीनशॉट, कॉल रिकॉर्डिंग, सोशल मीडिया पोस्ट, संबंधित दस्तावेज तथा कई प्रत्यक्षदर्शी एवं संबंधित व्यक्तियों के लिखित बयान शामिल हैं। संगठन ने इन सभी साक्ष्यों को जांच के दौरान प्रस्तुत करने की बात कही है तथा प्रशासन से अनुरोध किया है कि इनकी निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कराई जाए।

 

राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री गीता गुप्ता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति अथवा संगठन के विरुद्ध बिना सत्यापन के झूठे एवं भ्रामक आरोप लगाना समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न करता है तथा सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुँचाता है। उन्होंने कहा कि संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल को उत्तर प्रदेश के निष्पक्ष प्रशासन एवं न्याय व्यवस्था पर पूर्ण विश्वास है और उन्हें उम्मीद है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर विधि के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

 

ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन से प्रकरण की निष्पक्ष जांच, उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण, संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।

 

ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री गीता गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रानू सिंह, राष्ट्रीय प्रभारी विष्णु शंकर तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक पाल, प्रदेश प्रभारी सत्यजीत यादव, जिला अध्यक्ष सुषमा चटर्जी, जिला महामंत्री उज़मा सिद्दीकी, नगर अध्यक्ष रिज़वान खान, कलीम कुरैशी, इमरान खान, कासिम कुरैशी एवं उदय सिंह चौहान सहित संगठन के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जिलाधिकारी कार्यालय में उपस्थित रहे तथा निष्पक्ष जांच एवं न्यायोचित कार्रवाई की मांग का समर्थन किया।

Related posts

Leave a Comment