झूठे मुकदमे से आहत युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, फैसले की मांग को लेकर डेढ़ घंटे से टावर पर लटका युवक
बंडा । बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री चाँदूपुर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब 18 वर्षीय युवक अनूप कुमार इंसाफ की मांग को लेकर बंडा पूरनपुर रोड पर स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। झूठे मुकदमे और जेल जाने से आहत युवक करीब डेढ़ घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
परिजनों के अनुसार, अनूप का गांव की ही एक नाबालिग लड़की के साथ प्रेम प्रसंग था। युवक के चाचा रामऔतार का कहना है कि जब दोनों पक्षों को इसकी जानकारी हुई, तो लड़की के परिजनों को बुलाकर समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया था। हालांकि, बाद में लड़की दोबारा अनूप के घर आ गई। आरोप है कि इसके बाद ग्रामीणों के दबाव में आकर लड़की पक्ष की ओर से अनूप और उसके पिता सुरेश कुमार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर अनूप को जेल भेज दिया गया था, जहां उसने दो माह बिताए। जेल से बाहर आने के बाद से ही वह गहरे मानसिक तनाव में था। परिजनों ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व उसने आहत होकर जहर खाकर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया था। जेल से छूटने के बावजूद भविष्य बर्बाद होने के डर से परेशान अनूप गुरुवार को अचानक बंडा आया और बंडा पूरनपुर रोड पर स्थित सबसे ऊंचे टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह रोते हुए न्याय और दर्ज मुकदमे में फैसले की मांग करने लगा। उसका कहना था कि झूठे आरोपों ने उसका जीवन और भविष्य तबाह कर दिया है। मौके पर मौजूद लोग और पुलिस प्रशासन उसे नीचे उतारने और समझाने-बुझाने के प्रयास में जुटे हैं लेकिन वह सिर्फ अपने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नीरज पासवान से बात कर मुकदमे में फैसला होने के बाद भी नीचे उतरने की बात कर रहा है, खबर लिखे जाने तक वह टावर से नीचे नहीं उतरा था ।
जिला ब्यूरो चीफ प्रवीन यादव इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ शाहजहांपुर