*जमीन विवाद से परेशान बुजुर्ग महिला ने तहसील में किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाई जान**

**जमीन विवाद से परेशान बुजुर्ग महिला ने तहसील में किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाई जान**

 

शाहजहांपुर। पुवायां तहसील परिसर में गुरुवार को जमीन विवाद से परेशान 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही एसडीएम सदानंद सरोज मौके पर पहुंचे और महिला को अपने कार्यालय ले जाकर समझाया। दियूरिया गांव निवासी चित्रा देवी जमीन विवाद की शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंची थीं। उन्हें कोतवाली जाकर शिकायत करने की सलाह दी गई थी, लेकिन कार्यालय से निकलने के बाद उन्होंने तहसील परिसर में अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़कना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित रोक लिया। चित्रा देवी ने बताया कि उनके बेटे की करीब एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। उनके ससुर ने लगभग साढ़े तीन एकड़ जमीन उनकी बहू के नाम वसीयत कर दी थी। बेटे की मौत के बाद से बहू और उनके बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि पिछले एक साल से उन्हें जमीन का कोई लाभ नहीं मिल रहा और न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें जमीन में आधा हिस्सा दिया जाए ताकि उनका बुढ़ापा सम्मानपूर्वक गुजर सके। उनका यह भी कहना है कि मना करने के बावजूद खेत में जबरन फसल बो दी जाती है और शिकायत के बाद भी केवल औपचारिक जांच होती है। एसडीएम सदानंद सरोज ने बताया कि महिला की शिकायत के संबंध में जांच के लिए टीम गठित कर गांव भेजी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

जिला ब्यूरो चीफ प्रवीन यादव इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ शाहजहांपुर

Related posts

Leave a Comment