*जनकल्याण शिविर के दूसरे दिन किसानों को दी गई योजनाओं की विस्तृत जानकारी*
राजबहोर यादव कुसमी।
शासन की मंशानुरूप जनपद पंचायत कुसमी में सोमवार 15 जून 2026 को जनकल्याण शिविर के दूसरे दिवस का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आमजन एवं किसानों को शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुसमी, सरपंच सीता सिंह, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयोजित कृषक संगोष्ठी में किसानों को कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
संगोष्ठी के दौरान कृषि विभाग की योजनाओं से लाभान्वित किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। लल्ला सिंह, सीताकली, तारा सिंह एवं सूर्य प्रताप सिंह ने मंच से अपनी सफलता की कहानियां सुनाते हुए जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, उन्नत खेती एवं समन्वित कृषि प्रणाली के लाभों के बारे में बताया। किसानों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर वे अपनी आय में वृद्धि करने में सफल हुए हैं।
वहीं मत्स्य विभाग की ओर से मयंक मिश्रा ने विभागीय योजनाओं एवं मत्स्य पालन से संबंधित लाभकारी जानकारी किसानों को प्रदान की।
कृषि विभाग द्वारा वर्तमान में संचालित प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, नलकूप खनन तथा बीज वितरण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग से एस.पी. साकेत, कु. हिमांशी सिंह, विष्णु मुकाती सहित समस्त क्षेत्रीय कृषि विस्तार अधिकारी (AEO) उपस्थित रहे।
जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में किसानों एवं ग्रामीणजनों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।