आख्या रिपोर्ट लगाने के नाम पर लेखपाल ने मांगी 30 हजार की घूस, पीड़ित किसान ने गोला एसडीएम से की शिकायत
लखीमपुर खीरी। खीरी जनपद की गोला तहसील क्षेत्र में एक लेखपाल द्वारा आख्या रिपोर्ट लगाने के नाम पर एक किसान से तीस हजार रुपए की घूस मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़ित किसान द्वारा लेखपाल के असिस्टेंट को दस हजार रुपए एडवांस में दे दिया गया, लेकिन इसके बावजूद लेखपाल ने आख्या रिपोर्ट में खेल कर दिया। जिसके चलते पीड़ित किसान ने गोला तहसीलदार व एसडीएम को शिकायती पत्र देकर इंसाफ़ की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक गोला तहसील की विकास खंड बिजुआ के गांव डिमरौल निवासी सुरेंद्र सिंह ने गोला एसडीएम को दिये शिकायती पत्र में बताया है कि पूर्व में उसकी जमीन खतौनी में दर्ज थी, लेकिन त्रुटिवश उसकी जमीन खतौनी से हट गई। जिसके चलते उसने तहसील में वाद दाखिल किया। जिसमें कोर्ट द्वारा क्षेत्रीय लेखपाल शिल्पा सिंह से आख्या रिपोर्ट मांगी गई। पीड़ित किसान सुरेंद्र सिंह का आरोप है कि जब उसने आख्या रिपोर्ट की बाबत लेखपाल शिल्पा सिंह से बात की तो उन्होंने अपने असिस्टेंट विद्या से मिलने को कहा। जब वह गांव के ही निवासी राकेश सिंह के घर विद्या से मिले तो विद्या ने उससे कहा कि आख्या रिपोर्ट के लिए 30 हजार रुपए देने होंगे, तब ही रिपोर्ट लगेगी। जिस पर उसने लेखपाल शिल्पा सिंह के असिस्टेंट विद्या को 10 हजार रुपए एडवांस दे दिए। इस दौरान लेखपाल शिल्पा सिंह के असिस्टेंट से कई बार फोन पर बातचीत हुई तो उन्होंने कहा कि तुम्हारी आख्या रिपोर्ट लगा दी गई है, जल्द ही तुम्हारा नाम खतौनी में दर्ज हो जायेगा।
पीड़ित किसान सुरेंद्र सिंह ने बताया कि रुपए लेने के बावजूद लेखपाल शिल्पा सिंह ने उसकी आख्या रिपोर्ट नहीं लगाई, जिससे क्षुब्ध होकर उसने गोला तहसीलदार से लिखित शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब उसने गोला एसडीएम को शिकायती पत्र देकर इंसाफ़ की गुहार लगाई है।