अभद्रता पर गिरी गाज: दीवान वीरेंद्र सिंह लाइन हाजिर, ग्रामीणों और पत्रकार से बदसलूकी पड़ी भारी
ब्यूरो रिपोर्ट: फरियाद अली
बहराइच जनपद के थाना रानीपुर में तैनात दीवान वीरेंद्र सिंह गहलोत को ग्रामीणों एवं पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक बहराइच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह कड़ा कदम उठाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीवान वीरेंद्र सिंह गहलोत पर आरोप है कि उन्होंने अपनी समस्या लेकर थाने पहुंचे ग्रामीणों के साथ न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि मौके पर मौजूद एक पत्रकार को भी डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों व पत्रकारों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया।
स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायतें किए जाने के बाद थाना प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। शिकायतों की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दीवान को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में स्पष्ट संदेश गया है कि जनता और मीडिया के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रीय लोगों में संतोष देखने को मिल रहा है।