अवैध रूप से अर्जुन का विशाल पेड़ काटने पर डॉक्टर विवादों में, मीडियाकर्मियों पर भी टिप्पणी; डीएफओ से शिकायत
बंडा, शाहजहांपुर। बिना किसी वैध अनुमति के अस्पताल परिसर में लगे एक हरे-भरे अर्जुन के पेड़ को कटवाने का मामला सामने आया है। पेड़ काटने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर मामले की जाँच शुरू कर दी है। उधर, इस घटना को लेकर जब पत्रकारों ने बात करनी चाही, तो आरोपी डॉक्टर ने मीडियाकर्मियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विवाद खड़ा कर दिया।
बंडा पुवायां नेशनल हाईवे पर गांव उमरापुर में पिछले कई महीनों से एक निजी अस्पताल की इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के बिल्कुल बीचों-बीच अर्जुन का एक बड़ा पेड़ आ रहा था। कुछ दिनों पहले किसी स्थानीय निवासी ने इस पेड़ का फोटो भी खींच लिया था। आरोप है कि डॉक्टर ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को दरकिनार करते हुए, बिना वन विभाग को सूचित किए और बिना अनुमति हासिल किए, चोरी-छिपे पेड़ को पूरी तरह से कटवा डाला और उसकी लकड़ी तक गायब करवा दी । पेड़ काटे जाने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम जांच-पड़ताल के लिए अस्पताल परिसर पहुँची। वन कर्मियों ने जब डॉक्टर को फोन कर यह अवगत कराया कि मौके पर मीडियाकर्मी पहुँच चुके हैं और मामले की कवरेज कर रहे हैं, तो डॉक्टर आपा खो बैठे और उन्होंने मीडियाकर्मियों के लिए भी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए फोन काट दिया। प्रकृति को नुकसान पहुँचाने और अवैध रूप से पेड़ काटने के इस गंभीर मामले की शिकायत अब जिला वन अधिकारी से की गई है।
जिला ब्यूरो चीफ प्रवीन यादव इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ शाहजहांपुर