एक मंडप में बंधे 433 जोड़े, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में गूंजे शहनाई के स्वर

एक मंडप में बंधे 433 जोड़े, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में गूंजे शहनाई के स्वर

 

गोण्डा – 21 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मंगलवार को रॉयलगोंडा पैराडाइज मैरिज हॉल में आयोजित भव्य समारोह में 433 जोड़ों का विवाह पूरे रीति-रिवाज और सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में जिले के विकासखंडों तथा नगर निकायों से कुल 526 जोड़े पंजीकृत थे, जिनमें से 433 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।

 

संपन्न हुए विवाहों में 405 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से जबकि 28 जोड़ों का निकाह इस्लामिक परंपरा के अनुसार मौलवी साहिबे आलम की मौजूदगी में कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन दो चरणों में किया गया, जिसमें जिले की तीन तहसीलों और 13 विकासखंडों के लाभार्थियों ने भाग लिया।

 

समारोह में सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, सांसद गोंडा एवं केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

 

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी गरीब परिवार की बेटी का विवाह आर्थिक अभाव में नहीं रुकने देगी, चाहे वह किसी भी जाति या धर्म से संबंधित हो।

 

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रति जोड़ा ₹64,000 की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें निर्धारित धनराशि कन्या के खाते में हस्तांतरित की जाती है तथा नवदंपति को गृहस्थी शुरू करने के लिए स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, पांच साड़ी सेट, वर के लिए पैंट-शर्ट, दीवार घड़ी, सौंदर्य प्रसाधन किट सहित अन्य उपयोगी उपहार भी उपलब्ध कराए जाते हैं। समारोह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।व्यूरो चीफ ऋषभ मिश्रा

Related posts

Leave a Comment