भदौरा में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम व थाना प्रभारी, दी समझाइश* राजबहोर यादव

*भदौरा में मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम व थाना प्रभारी, दी समझाइश*

राजबहोर यादव

 

सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भदौरा में हाल ही में तिवारी एवं सेन परिवार के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। विवाद शासकीय भूमि एवं सार्वजनिक हैंडपंप पर अतिक्रमण को लेकर बताया जा रहा है।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुसमी एसडीएम शैलेश द्विवेदी एवं मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। इस दौरान सरपंच पुत्र रमेश पुनाड़िया, उपसरपंच कैलाश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

 

एसडीएम ने मौके का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से चर्चा की तथा विवादित स्थल का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पक्षों को समझाइश देते हुए सार्वजनिक हैंडपंप को अतिक्रमण से मुक्त कराने और भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद न करने की हिदायत दी। साथ ही गांव में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

 

वहीं थाना प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर मड़वास थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों को कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

 

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि एवं सार्वजनिक सुविधाओं पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा विवाद की स्थिति निर्मित हुई तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

ग्रामीणों ने भी प्रशासन के समक्ष आपसी सौहार्द बनाए रखने और विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने का भरोसा दिलाया। प्रशासन की समझाइश के बाद गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Related posts

Leave a Comment