एसपी राम नयन सिंह हटाए गए, विश्वजीत श्रीवास्तव बने नए पुलिस अधीक्षक
संवाददाता फरियाद अली
उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए बहराइच जिले में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव किया है। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राम नयन सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह विश्वजीत श्रीवास्तव को नया एसपी नियुक्त किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक राम नयन सिंह को गौतम बुद्ध नगर स्थित 19वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक के पद पर भेजा गया है, जबकि विश्वजीत श्रीवास्तव इससे पहले लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त (DCP) के पद पर तैनात थे और अब उन्हें बहराइच की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गौरतलब है कि राम नयन सिंह हाल ही में उस समय चर्चा में आए थे, जब उन्होंने पुलिस लाइन में आयोजित एक धार्मिक कथा कार्यक्रम को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिलवाया था। इस घटना को लेकर व्यापक स्तर पर सवाल उठे थे और मामला सुर्खियों में आ गया था, जिसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने उनसे स्पष्टीकरण भी तलब किया था। माना जा रहा है कि यह तबादला उसी प्रकरण के बाद प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम है।
प्रदेश सरकार द्वारा किए गए इस ताजा फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, पुलिस प्रशासन में अनुशासन बनाए रखने और संवेदनशील मामलों में स्पष्ट संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है। नए एसपी के रूप में विश्वजीत श्रीवास्तव से अपेक्षा की जा रही है कि वे जिले में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग में पारदर्शिता और आम जनता के बीच विश्वास को और सुदृढ़ करेंगे।