गोंडा मेडिकल कॉलेज में महिला से छेड़खानी करने वाला युवक गिरफ्तार
रईस अली नामक युवक मेडिकल कॉलेज में चोरी और छेड़खानी की घटनाओं में लिप्त पाया गया
गोंडा। मेडिकल कॉलेज गोंडा परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने महिला के साथ छेड़खानी की घटना को अंजाम दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी और आस-पास के लोग एकत्र हो गए और आरोपी युवक को पकड़ लिया।
पकड़े गए युवक की पहचान रईस अली के रूप में हुई है, जो ग्राम मोहना छतौनी, थाना परसपुर, जनपद गोंडा का मूल निवासी बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, रईस अली पिछले कई दिनों से मेडिकल कॉलेज परिसर में चोरी और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था। वह रोजाना किसी न किसी बहाने से कॉलेज परिसर में घूमता पाया जाता था। पूछताछ में उसने बताया कि वह “अग्रवाल मेडिकल” से दवा लेने आया था, लेकिन जब सुरक्षाकर्मियों ने उससे दवा की रसीद या कोई दवा दिखाने को कहा, तो वह कोई सबूत नहीं दिखा सका।
मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे नगर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह पहले भी कॉलेज में हुई किसी चोरी या असामाजिक घटना में शामिल रहा है या नहीं।
स्थानीय लोगों ने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो सकें।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।