💢🚨📢जर्जर भवन और बदहाल व्यवस्थाओं से कॉलेज की तस्वीर खराब, एडमिशन से कतरा रहे विद्यार्थी।
राजबहोर यादव
कुसमी। शासकीय कॉलेज कुसमी में बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष विमल जायसवाल ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कॉलेज का निरीक्षण कर बताया कि भवन की स्थिति चिंताजनक है। कॉलेज की छत कई जगहों से टपक रही है, वहीं शौचालय की छत से भी पानी गिर रहा है। बारिश के दौरान विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विमल जायसवाल के अनुसार, कॉलेज की बाउंड्री मार्च 2025 से अधूरी पड़ी है, जबकि कॉलेज का आंगन भी काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है। परिसर में जगह-जगह अव्यवस्था दिखाई दे रही है। उनका आरोप है कि कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण शिक्षण संस्था में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में वर्तमान में सिर्फ आर्ट संकाय उपलब्ध होने के कारण भी विद्यार्थियों को पर्याप्त विकल्प नहीं मिल पा रहे हैं। व्यवस्थाओं की कमी और सीमित पाठ्यक्रम के चलते विद्यार्थी यहां एडमिशन लेने से कतरा रहे हैं। स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इतनी बड़ी कॉलेज में कुल चार लड़कों के एडमिशन होने की बात सामने आई है।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने कॉलेज की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार, अधूरी बाउंड्री का निर्माण पूरा कराने, क्षतिग्रस्त परिसर और भवन की मरम्मत कराने तथा विद्यार्थियों के लिए नए संकाय शुरू किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूसरे स्थानों का रुख करना पड़ेगा।