हाथरस -हसायन के गांव जगदेवपुर में वन विभाग ने दो युवक को 16 कछुओं के साथ पकडा

हाथरस -हसायन के गांव जगदेवपुर में वन विभाग ने दो युवक को 16 कछुओं के साथ पकडा

 

 

 

हाथरस जिले के हसायन क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रूप से कछुए पकड़ने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जगदेवपुर गांव में एक पोखर से 16 जीवित कछुओं के साथ उन्हें पकड़ा गया। यह कार्रवाई 13 जनवरी, 2026 को की गई।ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद सिकंदराराऊ रेंज के उप प्रभागीय वन विभाग के क्षेत्रीय वनाधिकारी दिलीप कुमार ने टीम को मौके पर भेजा। क्षेत्रीय वन दरोगा अलीहसन ने हसायन कोतवाली में लिखित तहरीर दी, जिसमें बताया गया कि सुबह करीब 9 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि जगदेवपुर गांव में पोखर से प्रतिबंधित प्रजाति के कछुओं का अवैध शिकार किया जा रहा है।सूचना पर कार्रवाई करते हुए, अलीहसन, बीट प्रभारी चंद्रपाल सिंह और न्यूनतम वेतन कर्मी ललित गिरि दोपहर करीब 12 बजे पोखर पर पहुंचे। उन्होंने कुछ लड़कों को कछुए पकड़ते देखा। वनकर्मियों को देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर अभिषेक पुत्र अनिल और अरुण पुत्र बबलू को पकड़ लिया गया। ये दोनों एटा जिले के जलेसर थाना क्षेत्र के ग्यारह बस्ती के निवासी हैं। उनके पास से 16 जीवित कछुए, एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, एक स्मार्टफोन और एक कीपैड फोन बरामद किया गया।बरामद किए गए कछुए वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 (संशोधित 2021) की अनुसूची-01 के तहत प्रतिबंधित प्रजाति के हैं। इनका शिकार एक गैर-जमानती अपराध है। आरोपियों ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9/39/51 के तहत दंडनीय वन अपराध किया है। इसके अतिरिक्त, अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 52 (क) के तहत अधिग्रहित की जा सकती है। बरामद सभी सामग्री पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखी गई है।उक्त मामले में दिलीप कुमार रेंजर क्षेत्रीय वनाधिकारी से जानकारी करने पर बताया कि उक्त मामले में वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत अलीहसन क्षेत्रीय वन दरोगा के द्वारा लिखित तहरीर देते हुए मुकदमा पंजीकृत कराया है।

 

हाथरस से अर्जुन सिंह

Related posts

Leave a Comment