स्लग – रक्षाबंधन पर सजी राखी की दुकानें, ऑनलाइन खरीदारी ने धीमी की बाजार की रफ्तार।
लोकेशन – लखीमपुर खीरी
ब्यूरो चीफ प्रिया वर्मा
एंकर – रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही शहर के बाजारों में राखी की दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों ने इस बार अलग-अलग डिजाइन और वैरायटी की राखियां बड़ी मात्रा में मंगाकर दुकानें सजा दी हैं, लेकिन अब उन्हें ग्राहकों का इंतजार है। बाजार में महिलाएं और अन्य ग्राहक राखियों की खरीदारी करते नजर आ रहे हैं, हालांकि दुकानदारों का कहना है कि इस बार बिक्री की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नहीं है।
रोड किनारे राखी की दुकान लगाए दुकानदार नितिन ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी का असर सीधे उनके कारोबार पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बाजार की वजह से बिक्री धीमी हुई है और व्यापार में गिरावट दर्ज की जा रही है। दुकानदारों ने त्योहार को देखते हुए लाखों रुपये की लागत से राखियों का स्टॉक मंगाया है, ऐसे में उन्हें लागत निकलने की चिंता सता रही है।बाजार में इस बार लेडीज चाइनीज राखी, भैया-भाभी के लिए कपल सेट, बच्चों के लिए कार्टून और म्यूजिकल राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके अलावा फैमिली पैक राखी सेट भी उपलब्ध हैं, जिनमें भैया-भाभी के साथ भतीजे-भतीजी के लिए राखियां शामिल हैं। अलग-अलग डिजाइन और उम्र के हिसाब से राखियों की कई वैरायटी दुकानों पर देखने को मिल रही है।दुकानदारों के मुताबिक राखियों की कीमत 10 रुपये से शुरू होकर करीब 500 रुपये प्रति राखी तक है। ग्राहकों की पसंद और बजट के हिसाब से बाजार में सस्ती से लेकर आकर्षक और प्रीमियम राखियां उपलब्ध हैं।
दुकानदारों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन नजदीक आने के साथ बाजार में ग्राहकों की भीड़ बढ़ेगी और बिक्री में तेजी आएगी। फिलहाल व्यापारियों की नजर त्योहार के अंतिम दिनों की खरीदारी पर टिकी है। बड़े निवेश के बाद अगर बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई तो दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।