शाहजहांपुर : चंडीगढ़ में हार्ट अटैक से भारतीय सेना के जवान सत्यदेव का निधन, मां ने समाधि स्थल के लिए की सरकारी जमीन की मांग की
शाहजहांपुर, बंडा। पंचकुला (चंडीगढ़) में तैनात भारतीय सेना के 38 वर्षीय जवान सत्यदेव का हृदयाघात से इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव बाबूपुर (बंडा) लाया गया, जहां सैकड़ों लोगों ने अंतिम दर्शन किए। अंतिम संस्कार के दौरान सेना के जवानों ने उन्हें पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। सत्यदेव 906 एडी बटालियन में नायक के पद पर तैनात थे और उन्होंने भारतीय सेना में 19 वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवा दी थी। दो साल बाद उन्हें रिटायरमेंट मिलने वाला था। उनकी अकस्मात मौत से पूरा परिवार शोकाकुल है। मां रामकली, पिता रामकृष्ण, भाई प्रदीप, संदीप व पुष्पेंद्र, पत्नी गोदावरी तथा पुत्र अजीत उर्फ नीलेश, अर्पित उर्फ अंश और ऋषि उर्फ सुलक्ष्य का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों के अनुसार, 4 मार्च होली के दिन सुबह करीब 11 बजे सत्यदेव को उनके कमरे में ही तीन बार हार्ट अटैक आ गया। तत्काल उन्हें पंचकुला स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन रात करीब नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। शव को सेना की गाड़ी से बंडा के बाबूपुर गांव लाया गया। सरकारी विद्यालय में अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।अमर शहीद जवान सत्यदेव की मां रामकली ने शासन-प्रशासन से अपील की है कि उनके पुत्र की समाधि स्थल के लिए सरकारी जमीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि एक समर्पित समाधि स्थल बनाया जा सके। उन्होंने कहा, “मेरा लाल देश के लिए शहीद हुआ, अब सरकार उसकी स्मृति को अमर रखने में सहयोग करे।”
जिला ब्यूरो चीफ प्रवीन यादव इंडिया एक्सप्रेस न्यूज़ शाहजहांपुर