*व्यापारियों के विरोध के बाद मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह लाइन हाजिर*
राजबहोर यादव
दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद, बाजार बंद कर थाने पहुंचे व्यापारी; एएसपी ने पहुंचकर दी कार्रवाई की जानकारी
मड़वास/सीधी। सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी और व्यापारियों के बीच हुए विवाद ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। किराना व्यवसायी के साथ कथित गाली-गलौज के आरोप के बाद मड़वास के व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया और बड़ी संख्या में थाना परिसर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। व्यापारियों के विरोध को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी ने एडिशनल एसपी कमला जोशी को मड़वास भेजा। मामले की प्रारंभिक जानकारी लेने के बाद उन्होंने व्यापारियों और मीडिया को बताया कि मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुआ विवाद
मामले की शुरुआत किराना व्यवसायी मानिक लाल गुप्ता, पिता स्वर्गीय अयोध्या प्रसाद गुप्ता की दुकान के सामने वाहन खड़ा करने को लेकर हुई। व्यवसायी का आरोप है कि इसी बात को लेकर थाना प्रभारी अतर सिंह ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की। घटना के बाद अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए और मामला बढ़ गया।
इसी दौरान मड़वास व्यापारी संघ के अध्यक्ष कपिल गुप्ता और थाना प्रभारी के बीच भी बहस होने की बात सामने आई। घटना से नाराज व्यापारियों ने मड़वास का बाजार बंद कर दिया और थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव करने पहुंच गए।
थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठे व्यापारी
शनिवार को बड़ी संख्या में मड़वास के व्यापारी थाना परिसर पहुंचे और बाहर ही धरने पर बैठ गए। व्यापारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा थाना प्रभारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले में हस्तक्षेप किया।
एडिशनल एसपी कमला जोशी मड़वास पहुंचीं और व्यापारियों से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने बताया कि मामले को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा थाना प्रभारी अतर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
अन्य व्यापारियों ने भी दिए शिकायत आवेदन
विरोध के दौरान कुछ अन्य व्यापारियों ने भी थाना प्रभारी के खिलाफ पूर्व में कथित रूप से हुई घटनाओं को लेकर शिकायतें सामने रखीं।
व्यवसायी पप्पू साहू, पिता प्रेमलाल साहू, जो गोमती की दुकान संचालित करते हैं, ने आरोप लगाया कि पूर्व में थाना प्रभारी द्वारा उनकी दुकान से पानी की बोतलों की दो पेटियां कथित तौर पर ले जाई गई थीं। वहीं सब्जी विक्रेता राधा गुप्ता, पति बाबूलाल गुप्ता ने भी थाना प्रभारी पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है।
इसी तरह सीधी से व्यौहारी जाने वाली कामेश्वर बस के क्लीनर मनीष केवट के साथ भी थाना प्रभारी द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज किए जाने का आरोप सामने आया है। इसके अलावा रवि विश्वकर्मा से पैसे लेने के आरोप को लेकर भी शिकायत प्रस्तुत की गई है।
इन सभी शिकायतों को लेकर संबंधित लोगों ने एडिशनल एसपी कमला जोशी को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
तीन दिन में जांच प्रतिवेदन भेजने के निर्देश
एडिशनल एसपी कमला जोशी ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच एसडीओपी को सौंप दी है। बताया गया कि जांच के बाद तीन दिवस में प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल थाना प्रभारी अतर सिंह को लाइन हाजिर किए जाने के बाद व्यापारियों के विरोध का तत्काल समाधान होता नजर आ रहा है। हालांकि, अन्य शिकायतों की जांच और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है। पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।