भरतपुर में बसेंगे विस्थापित परिवार, 136 लाभार्थियों को आवास धनराशि
ब्यूरो रिपोर्ट सुमन राय
बहराइच, 25 मार्च। तहसील मिहींपुरवा (मोतीपुर) के ग्राम सेमरहना में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 136 विस्थापित परिवारों के खातों में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत ₹1.20 लाख प्रति लाभार्थी की दर से कुल ₹1.63 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की। साथ ही प्रत्येक परिवार को 748 वर्गफीट के पट्टे व आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड आदि के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने बसंतीय नवरात्र व रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए भरथापुर के स्थान पर विकसित होने वाली नई कॉलोनी का नाम “भरतपुर” रखने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मॉडल के अनुसार कॉलोनी का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि शारदीय नवरात्रि से पहले सभी परिवारों का गृह प्रवेश कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे इन परिवारों को अब शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद कर उनका हाल जाना और बच्चों को उपहार भी वितरित किए।