बांकुरी गांव में दिनदहाड़े हत्या, प्रेम विवाह बना रंजिश की वजह‌।। 

बांकुरी गांव में दिनदहाड़े हत्या, प्रेम विवाह बना रंजिश की वजह‌।।

डंडों से पीटकर युवक की हत्या, आरोपी फरार

 

जिला संवाददाता सुमन राय

बहराइच।

 

थाना रूपईडीहा क्षेत्र के बांकुरी गांव में दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रेम विवाह को लेकर चली आ रही रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान शादाब पुत्र मोहम्मद हुसैन (उम्र करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि शादाब ने लगभग एक वर्ष पूर्व हसीब पुत्र हबीब (उम्र करीब 28 वर्ष) की बहन से प्रेम विवाह किया था, जिसके चलते दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ती जा रही थी।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जुम्मे की नमाज अदा करने के बाद शादाब गांव के पास मैच खेलने गया था। इसी दौरान मौके पर मौजूद हसीब ने शादाब को अकेला पाकर डंडों से हमला कर दिया। हमले में शादाब गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना को देख आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों व परिजनों की मदद से घायल शादाब को तत्काल सीएचसी चरदा ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। हालांकि बहराइच ले जाते समय रास्ते में ही शादाब ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

Related posts

Leave a Comment