प्रधान नूर मोहम्मद ने गांव में जलवाए अलाव, ग्रामीणो को ठंड से मिली राहत
पूरनपुर,पीलीभीत।जनपद में पड़ रही कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह जकड़ लिया है। हाड़ कंपा देने वाली सर्द हवाएं, घना कोहरा और गिरता तापमान गरीबों व मजदूरों के लिए आफत बनकर टूट रहा है। ऐसे मुश्किल वक्त में गोरा गांव से एक राहत भरी खबर सामने आई है, जहां ग्राम प्रधान नूर मोहम्मद ने मानवता और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए ठंड से जूझते लोगों के लिए अलाव जलवाकर बड़ी राहत पहुंचाई है।
जैसे ही ठंड ने अपना विकराल रूप दिखाया, प्रधान नूर मोहम्मद ने बिना देरी किए गांव के प्रमुख चौराहों, बाजार मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कराई। जलते अलाव न सिर्फ ठंड से बचाव का साधन बने, बल्कि गरीबों और राहगीरों के लिए संजीवनी साबित हुए। सुबह खेतों से लौटते किसान हों या देर शाम मजदूरी से घर जाते श्रमिक, हर किसी को अलाव के पास कुछ पल की गर्माहट नसीब हुई।
प्रधान नूर मोहम्मद ने गांव का भ्रमण कर ग्रामीणों का हालचाल जाना और जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित किया। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। प्रधान ने कहा कि ठंड का मौसम सबसे ज्यादा गरीब तबके को प्रभावित करता है और ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।
अलाव जलते ही गांव के चौराहों पर रौनक लौट आई। लोग अलाव के चारों ओर खड़े होकर हाथ-पैर सेंकते नजर आए। राहगीरों और ग्रामीणों ने प्रधान की इस पहल की जमकर सराहना की। साथ ही प्रशासन से मांग उठी कि जल्द से जल्द कंबल वितरण कराया जाए, ताकि कोई भी गरीब ठंड की चपेट में न आए।गोरा गांव में जलते अलाव अब सिर्फ आग नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार, संवेदनशीलता और जनसेवा की चमकती मिसाल बन चुके हैं।