हाथरस रोड स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शवः जीआरपी ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हाथरस जनपद के हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र स्थित हाथरस रोड रेलवे स्टेशन पर गुरुवार, 12 फरवरी को सुबह तड़के एक अज्ञात शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलने पर हाथरस जीआरपी, आरपीएफ पुलिस और क्षेत्रीय हाथरस जंक्शन थाने की पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अलीगढ़ भेजा है।
शव मिलने से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव पर भगवा वस्त्र थे, जिससे उसके किसी साधु का होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मृतक के शरीर पर चोट और जलने के गंभीर निशान भी दिखाई दिए हैं। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।आशंका जताई रही है कि अधेड़ व्यक्ति (साधु) की हत्या कर शव को रेलवे स्टेशन पर लाकर जलाने का प्रयास किया गया है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शव की पहचान के प्रयास जारी हैं।