गोंडा – एसपी ने 18 नये चारपहिया पीआरवी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
आपातकालीन पुलिस सेवा को मिलेगा नया आयाम, जनसुरक्षा होगी और अधिक सुदृढ़
आज दिनांक 09.11.2025 को पुलिस लाइन गोण्डा में पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल द्वारा डायल-112 मुख्यालय, लखनऊ से प्राप्त 18 नये चारपहिया पीआरवी वाहनों (स्कॉर्पियो) को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। जिससे जनपद में आपातकालीन पुलिस सेवा को एक नया आयाम मिलेगा तथा पुलिस बल की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। विशेष रूप से ये सभी 18 वाहन आधुनिक तकनीक एवं जीपीएस सिस्टम से युक्त हैं, जिससे अब पुलिस कंट्रोल रूम से वाहनों की वास्तविक समय (Real Time) में लोकेशन मॉनिटरिंग, रूट ट्रैकिंग एवं त्वरित संचार सुनिश्चित हो सकेगा। इससे किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल की प्रतिक्रिया और अधिक तेज़ एवं सटीक होगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कहा कि “सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना पुलिस का सर्वोपरि कर्तव्य है। नये पीआरवी वाहनों के जुड़ने से न केवल डायल-112 सेवा और अधिक प्रभावी बनेगी, बल्कि आम नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता और भी शीघ्रता से प्राप्त होगी। हमारा उद्देश्य है कि हर नागरिक को यह विश्वास रहे कि पुलिस हर समय, हर स्थान पर उसकी सहायता के लिए तत्पर है।” डायल-112 सेवा उत्तर प्रदेश पुलिस का वह ‘विश्वसनीय चेहरा’ बन चुकी है, जो संकट की घड़ी में आमजन के साथ खड़ी रहती है। अब इन नये वाहनों के संचालन से यह सेवा और अधिक सक्षम, संवेदनशील एवं आधुनिक स्वरूप में कार्य करेगी।
जनपद गोण्डा को प्राप्त 18 नये चारपहिया पीआरवी वाहन (स्कॉर्पियो) को विभिन्न थाना क्षेत्रों में पूर्व-निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार फील्ड में ऑपरेशनल कर दिया गया है। मीडिया प्रभारी ऋषभ मिश्रा