गोंडा – धान की पैदावार का आकलन हेतु जिलाधिकारी द्वारा ग्राम सोनबरसा में कराई गई क्रॉप कटिंग
गोण्डा 07 नवम्बर 2025
सदर तहसील अंतर्गत राजस्व ग्राम सोनबरसा में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में धान की पैदावार का आकलन करने के उद्देश्य से चार किसानों के खेतों में क्रॉप कटिंग प्रयोग कराया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर धान की कटाई कर उपज का परीक्षण कराया।
क्रॉप कटिंग के दौरान कृषक परशुराम के गाटा संख्या-4, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 18.700 किलोग्राम, कृषक संतोष कुमार के गाटा संख्या-26, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 15.000 किलोग्राम, कृषक हरीलाल के गाटा संख्या-3, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 21.500 किलोग्राम तथा कृषक श्यामू के गाटा संख्या-5, क्षेत्रफल 43.30 वर्ग मीटर में 19.300 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी क्रॉप कटिंग प्रयोग पारदर्शी ढंग से कराए जाएं ताकि जिले में धान की औसत उपज का सटीक आकलन किया जा सके। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोग न केवल उत्पादन के सही मूल्यांकन में सहायक होते हैं बल्कि इससे किसानों को फसल बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाले लाभ की गणना भी अधिक सटीक रूप से की जा सकती है।
कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र में कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का आंकलन कर किसानों के हित में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर मनीष कुमार, अपर सांख्यिकीय अधिकारी योगेंद्र प्रसाद चौहान, जिला समन्वयक इफको टोकियो गोंडा विजय सिंह, संबंधित ग्राम के लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, ग्राम प्रधान तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी ऋषभ मिश्रा